विवाद में काट दिए दोनों हाथ

 सोमवार, 10 दिसंबर, 2012 को 08:32 IST तक के समाचार
पप्पू

पप्पू के एक ज़मीन विवाद के चलते हाथ काट दिए गए

राजस्थान के करौली ज़िले के पप्पू शर्मा के हाथ न तो अब कभी दुआ के लिए उठेंगे और न ही अपनी या किसी और की मदद के लिए.

दरअसर गांव में ही उसके विरोधियों ने किसी विवाद को लेकर उसके दोनों हाथ काट दिए हैं.

कटे हाथों के साथ जयपुर के अस्पताल में भर्ती पप्पू का कहना है कि गांव के ही कुछ लोग गत शुक्रवार को ज़मीन के विवाद को लेकर उन्हें घर से उठा ले गए और उनके हाथ काट दिए. पुलिस ने इस सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है.

पप्पू के शरीर का तो सब कुछ सलामत है लेकिन उनके हाथ नहीं हैं. उन्होंने अपने सितमगरों को बूढ़ी माँ और तीन मासूम बच्चों का हवाला भी दिया था.

लेकिन पप्पू कहते हैं कि रहम की गुहार भी कोई काम नहीं आई. वह कहते हैं, ''मेरी तो जिन्दगी ही बेकार हो गई हैं.''

सहारा

''मेरा आठ साल का बेटा हंसराज रुआंसा होकर मुझे देखता है.'' पप्पू दुखी होकर कहते हैं, ''मैं कितना अभागा हूँ. अपने बेटे के सिर पर हाथ फेर कर उसे तसल्ली भी नहीं दे सकता.''

अस्पताल में पप्पू के पास ही बैठी उसकी बूढी माँ कहती है,'' पप्पू मेरा अकेला बेटा, अब मुझे बुढ़ापे में कौन सहारा देगा, उसके तो हाथ अब नहीं रहे.''

करौली ज़िले में सपोटरा पुलिस ने हाथ काटने के आरोप में बालोती गांव के हरी गोठिया को गिरफ़्तार किया है. सपोटरा थाने के पुलिस अधिकारी रामसहाय जाटव ने बीबीसी को बताया कि हरी को हत्या की कोशिश और अन्य अपराधों के तहत गिरफ्तार किया है.

पप्पू की मां

पप्पू की मां का कहना है कि अब इस बुढ़ापे में कैसे घर चलेगा

अभी पुलिस को आधा दर्जन और लोगों भी तलाश है.

जाँच

राम सहाय का कहना है, ''कटे हाथ भी ढूंढे जा रहे हैं. गिरफ्तार किए गए हरी से पूछताछ की जा रही है.''

पीड़ित पप्पू के अनुसार अभियुक्त उन्हें घर से बुलाकर हरी गोठिया के यहाँ ले गए और रात भर बंधक बनाए रखा.

पप्पू के अनुसार उन लोगों ने पहले तो उन्हें उधार लिए गए पच्चीस हज़ार रुपए लौटने को कहा. पप्पू का कहना है कि उसने कोई पैसा उधार नहीं लिया था. उनके अनुसार बाद में जबरन ज़मीन के कागज़ात पर दस्तख़त करवाने लगे और कहने लगे तूने हरी की बेटी के साथ बुरा व्यवहार किया है.

पप्पू का कहना था, ''मैंने कागज़ों पर दस्तख़त से इंकार किया तो मेरे हाथ ही काट दिए गए.''

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार व्यक्ति ने पप्पू के हाथों अपनी बेटी के साथ कथित बदसलूकी की बात कही है.

"मेरा आठ साल का बेटा हंसराज रुआंसा होकर मुझे देखता है. मैं कितना अभागा हूँ. अपने बेटे के सिर पर हाथ फेर कर उसे तसल्ली भी नहीं दे सकता"

पप्पू, पीड़ित

पुलिस अधिकारी जाटव ने बताया, ''हाँ हरी ने अपनी बेटी के साथ दुर्व्यवहार की शिकायत की है. अब इस मामले की जांच की जा रही है.''

भविष्य पर सवाल

अपने बेटे को सहारा दे रही पप्पू की बूढी माँ कहती है उम्र के इस मकाम पर उसे बुढ़ापे की इस लाठी से बहुत संबल मिलता था.

मगर अब पप्पू के ख़ुद ही हाथ नहीं रहे. पप्पू के मुताबिक वो सब लोग उस पर टूट पड़े और कुल्हाड़ी और हथियारों से उसके हाथ बहुत बेदर्दी से काट कर अलग कर दिया.

उसका कहना है हाथ काटने के बाद उसे धकिया कर बाहर कर दिया और जाते-जाते कटे हाथ अपने साथ ले गए. पप्पू बताता है, ''मैं गिरते पड़ते घर पहुंचा. लहूलुहान था. माँ बेहोश हो गई. फिर किसी ने अम्बुलेंस बुलाई और मुझे डॉक्टर के पास सपोटरा ले जाया गया और फिर डॉक्टर ने मुझे जयपुर भेज दिया.''

क्या वाक़ई पप्पू ने कोई पैसे उधार लिए थे या उसने छेड़छाड़ की थी इसकी जाँच हो रही है मगर न्याय ख़ुद हाथ में लेकर पप्पू के हाथ काट देना इंसानी क्रूरता की गवाही देते हैं.

उसके चेहरे पर ग़म-गुस्से के भाव आते हैं तो कभी इंसाफ के लिए चेहरा करुणा के भाव से भर उठता है. व्यवस्था उनकी सुनती है जो मुट्ठी तान कर समय के दरवाजे पर दस्तक देते है. मगर पप्पू के तो अब हाथ ही नहीं हैं.

इसे भी पढ़ें

BBC © 2014बाहरी वेबसाइटों की विषय सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है.

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.