अयोध्या के असली खलनायक नरसिम्हा राव?

 गुरुवार, 6 दिसंबर, 2012 को 16:09 IST तक के समाचार
नरसिम्हा राव

ऐसा माना जाता है कि जिस समय मस्जिद तोड़ी जा रही थी, नरसिम्हा राव पूजा पर बैठे थे.

नरसिम्हा राव भारत में आर्थिक उदारीकरण के जनक भले ही हों लेकिन अपने ऊपर लगे एक दाग़ को वह लाख कोशिशों के बावजूद ताउम्र नहीं धो पाए.

बाबरी मस्जिद विध्वंस में उनकी भूमिका लगातार सवालों को घेरे में रही और इसका ख़ामियाज़ा न सिर्फ़ उन्हें बल्कि उनकी पार्टी को आने वाले कई चुनावों में भुगतना पड़ा.

हालात यहाँ तक पहुँचे कि उनकी अपनी पार्टी कांग्रेस ने न सिर्फ़ उनसे किनारा कर लिया बल्कि बाबरी मस्जिद विध्वंस का पूरा ठीकरा भी उन्हीं के सिर फोड़ने की कोशिश की.

"घोड़ा जितना भी अच्छा हो, लगाम तो दूसरे के हाथ में है."

वीपी सिंह, पूर्व प्रधानमंत्री

लिब्रहान आयोग ने राव को भले ही क्लीन चिट दे दी हो लेकिन सोनिया गाँधी के पुत्र राहुल गाँधी का चुनाव प्रचार के दौरान यह कहना कि अगर उन दिनों गांधी परिवार के किसी व्यक्ति के हाथों में देश की बागडोर होती तो बाबरी मस्जिद नहीं गिरती, काफ़ी महत्वपूर्ण है.

घोड़े की लगाम

तीन दिसंबर,1992 को जब विश्वनाथ प्रताप सिंह नरसिम्हा राव से मिले तो उन्होंने उनसे कहा, कि अगर हज़ारों कार सेवकों को अयोध्या में इकट्ठा होने दिया गया तो वह मस्जिद को नहीं बचा पाएंगे.

नरसिम्हा राव का जवाब था, ''चिंता की कोई बात नहीं हैं. हमने वहाँ पर केंद्रीय बल तैनात कर रखे हैं.''

बाबरी मस्जिद

नरसिम्हा राव उस समय तक पूजा से बाहर नहीं आए जब तक मस्जिद पूरी तरह नहीं तोड़ दी गई.

इस पर वीपी सिंह खांटी इलाहाबादी लहजे में बोले थे, ''घोड़ा जितना भी अच्छा हो, लगाम तो दूसरे के हाथ में है.''

राव ने सफ़ाई दी थी, ''नहीं विश्वनाथ जी, हमने सारी व्यवस्था कर रखी है. अगर कुछ होता है तो हम मिनटों में संभाल लेंगे.''

लेकिन यही नहीं हो पाया. राव हाथ पर हाथ रखे बैठे रहे.

छह घंटों के अंदर न सिर्फ़ बाबरी मस्जिद की ईंट दर ईंट गिरा दी गई बल्कि वहाँ पर एक नया, अस्थाई मंदिर भी खड़ा कर दिया गया.

पूजाघर में राव

जाने माने पत्रकार कुलदीप नैयर ने हाल में प्रकाशित अपनी आत्मकथा में लिखा है, ''मेरी जानकारी है कि राव की बाबरी मस्जिद विध्वंस में भूमिका थी. जब कारसेवक मस्जिद को गिरा रहे थे, तब वह पूजा में बैठे हुए थे. वह वहाँ से तभी उठे जब मस्जिद का आख़िरी पत्थर हटा दिया गया.''

"मेरी जानकारी है कि राव की बाबरी मस्जिद विध्वंस में भूमिका थी. जब कारसेवक मस्जिद को गिरा रहे थे, तब वह पूजा में बैठे हुए थे. वह वहाँ से तभी उठे जब मस्जिद का आख़िरी पत्थर हटा दिया गया."

कुलदीप नैयर, वरिष्ठ पत्रकार

मधु लिमए ने नैयर को बताया कि पूजा के दौरान जैसे ही उनके सहयोगी ने उनके कान में फुसफुसाया कि मस्जिद गिर गई, कुछ ही सेकेंडों में उनकी पूजा समाप्त हो गई.

लगभग उसी समय उनके मंत्रिमंडल के सदस्य अर्जुन सिंह ने पंजाब के मुक्तसर शहर से उन्हें फ़ोन किया.

उन्हें बताया गया कि नरसिम्हा राव किसी से बात करने के लिए उपलब्ध नहीं हैं.

अर्जुन सिंह ने पूछा, ''वह कब से फ़ोन नहीं ले रहे? वह दिल्ली में भी हैं या नहीं?''

जवाब आया, ''वह दिल्ली में हैं. लेकिन उन्होंने अपने आप को एक कमरे में बंद कर रखा है और हमें निर्देश हैं कि उन्हें किसी भी हालत में डिस्टर्ब न किया जाए.''

वीपी सिंह

पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह ने भी नरसिम्हा राव को आगाह किया था कि मस्जिद को ख़तरा है

चार बजे दिल्ली पहुँचने पर अर्जुन सिंह सीधे राव के निवास पर गए.

उन्होंने अभी तक अपने कमरे का दरवाज़ा नहीं खोला था लेकिन उनके प्रधान सचिव के पास निर्देश पहुँच गए थे कि छह बजे उनके निवास पर मंत्रिमंडल की बैठक बुला ली जाए.

अस्थाई मंदिर

अर्जुन सिंह अपनी आत्मकथा 'ए ग्रेन ऑफ़ सैंड इन द आरग्लास ऑफ़ टाइम ’ में लिखते हैं, ''पूरी बैठक के दौरान नरसिम्हा राव इतने हतप्रभ थे कि उनके मुँह से एक शब्द नहीं निकला. सबकी निगाहें जाफ़र शरीफ़ की तरफ़ मुड़ गईं मानो उनसे कह रही हों आप ही कुछ कहिए. जाफ़र शरीफ़ ने कहा इस घटना की देश, सरकार और कांग्रेस पार्टी को भारी क़ीमत चुकानी पड़ेगी. माखन लाल फ़ोतेदार ने उसी समय रोना शुरू कर दिया. नरसिम्हा राव बुत की तरह चुप बैठे रहे.''

"पूरी बैठक के दौरान नरसिम्हा राव इतने हतप्रभ थे कि उनके मुँह से एक शब्द नहीं निकला. सबकी निगाहे जाफ़र शरीफ़ की तरफ़ मुड़ गईं मानो उनसे कह रही हों आप ही कुछ कहिए. जाफ़र शरीफ़ ने कहा इस घटना की देश, सरकार और कांग्रेस पार्टी को भारी क़ीमत चुकानी पड़ेगी. माखन लाल फ़ोतेदार ने उसी समय रोना शुरू कर दिया. नरसिम्हा राव बुत की तरह चुप बैठे रहे."

अर्जुन सिंह, नरसिम्हा राव कैबिनेट में मंत्री

कुलदीप नैयर का कहना है कि उन्हें बाद में पता चला कि गृह राज्य मंत्री राजेश पायलट ने उनसे पूछा था कि वह रात भर में बनाया गया अस्थाई मंदिर वहाँ से हटवा सकते हैं लेकिन राव ने यह कहते हुए इसकी अनुमति उन्हें नहीं दी थी, ''मैं नहीं समझता कि केंद्र की कोई सरकार रातों रात बने इस मंदिर को ढाने की जुर्रत कर सकती है. बाबरी मस्जिद का गिराना जितना निंदनीय हो लेकिन इस तरह के क़दम से बहुसंख्यक समुदाय के लोग नाराज़ हो सकते हैं.''

आत्मा शांतिपूर्ण

आउटलुक के पूर्व संपादक विनोद मेहता ने अपनी किताब ‘लखनऊ ब्वॉय’ में लिखा है कि नरसिम्हा राव ने संपादकों की एक बैठक बुलाकर इस घटना का सिलसिलेवार ब्यौरा दिया था.

"उस देश के लोगों के भविष्य की कल्पना करिए, जहाँ के प्रधान मंत्री के पास देश को हिला देने वाली इतनी बड़ी घटने के बाद इससे ज्यादा कहने के लिए कुछ भी नहीं है कि इस देश की आत्मा शाँतिपूर्ण है!"

विनोद मेहता, वरिष्ठ पत्रकार

यह बताने के बाद कि बीजेपी ने किस तरह उन्हें धोखा दिया था, उन्होंने यह नायाब शब्द कहे थे, ''इस सबके बावजूद भारत की आत्मा शांतिपूर्ण है.''

मेहता ने अगले दिन पायनियर अख़बार में संपादकीय लिखा था, ''उस देश के लोगों के भविष्य की कल्पना करिए, जहाँ के प्रधानमंत्री के पास देश को हिला देने वाली इतनी बड़ी घटने के बाद इससे ज्यादा कहने के लिए कुछ भी नहीं है कि इस देश की आत्मा शांतिपूर्ण है!''

उस ज़माने के अफ़सरों में से कुछ का मानना था कि नरसिम्हा राव ने धर्मनिर्पेक्ष मुखौटा ज़रूर पहन रखा था लेकिन उनकी सहानुभूति हिंदुत्व आंदोलन के साथ थी.

मुंबई में 1993 में धमाके

इसके बाद 1993 में मुंबई में बम धमाके हुए जिनमें 250 से ज़्यादा लोग मारे गए थे.

वरिष्ठ नौकरशाही में सरकार के मस्जिद न बचा पाने को लेकर काफ़ी क्षोभ था. राव ने इसको भांपते हुए सभी अतिरिक्त सचिवों से ऊपर के अफ़सरों की अपने निवास स्थान पर बैठक बुलाई थी.

राव ने वहाँ पर बहुत ही भ्रमित करने वाला निष्प्रभावी भाषण दिया था जिसका लब्बोलुबाब यह था कि मस्जिद का गिरना देश के कर्म( भाग्य) में था और सरकार की कथित अक्षमता से परेशान होने की ज़रूरत नहीं है.

राजनीतिक क़ीमत

राव इस मामले पर जीवनपर्यंत चुप रहे लेकिन अपनी मौत से एक साल पहले उन्होंने अपनी चुप्पी अपनी किताब ‘अयोध्या 6 दिसंबर 1992’ में खोली.

"अयोध्या में जो कुछ भी हुआ उनके नियंत्रण से बाहर था. तकनीकी और कानूनी रूप से विवादित भूमि का कब्ज़ा केंद्र के पास नहीं था."

नरसिम्हा राव, तत्कालीन प्रधानमंत्री

राव ने लिखा, ''अयोध्या में जो कुछ भी हुआ उनके नियंत्रण से बाहर था. तकनीकी और कानूनी रूप से विवादित भूमि का कब्ज़ा केंद्र के पास नहीं था.''

राव ने इस घटना के लिए पूरी तरह से कल्याण सिंह सरकार और बीजेपी को ज़िम्मेदार ठहराया. उन्होंने अपने कांग्रेस सहयोगियों पर भी हमला करते हुए कहा कि उन्होंने भी राजनीतिक कारणों से उन्हें निशाना बनाया.

नरसिम्हा राव की यह दलील जितनी सारगर्भित लगे लेकिन वास्तविकता यह है कि इस घटना की उनको और कांग्रेस पार्टी को बड़ी राजनीतिक क़ीमत चुकानी पड़ी.

कांग्रेस पार्टी न सिर्फ़ 1996 का चुनाव हारी बल्कि आठ वर्षों तक केंद्र की सत्ता से बाहर रही और उत्तर प्रदेश में तो एक तरह से उसका नामोनिशान ही मिट गया और ख़ुद नरसिम्हा राव भी 1996 के चुनावों के बाद इतिहास के हाशिए में चले गए.

इसे भी पढ़ें

टॉपिक

BBC © 2014बाहरी वेबसाइटों की विषय सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है.

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.