धमाके में सीआरपीएफ के आठ जवान जख़्मी

- Author, सलमान रावी
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता, छत्तीसगढ़
- प्रकाशित
नक्सल प्रभावित राज्य छत्तीसगढ़ के बीजापुर ज़िले में बुधवार दोपहर नक्सलियों द्वारा लगाए गए एक प्रेशर बम के फटने से केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ़) के आठ जवान घायल हो गए.
यह घटना मंगलवार देर शाम नारायणपुर में सीआरपीएफ़ की 39वीं बटालियन के 70 जवानों का एक दल पर किए गए हमले के ठीक एक दिन बाद हुई.
इस हमले में 26 जवानों की मौत हो गई थी और कई घायल हो गए थे.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीआरपीएफ़ को सूचना मिली थी कि गंगलुरु-बीजापुर राजमार्ग पर चैरपाल के पास बारूदी सुरंग बिछाई गई है. सीआरपीएफ़ का बम निष्क्रिय करने वाला दस्ता वहाँ पहुँच कर दोपहर डेढ़ बजे बारूदी सुरंग को हटा रहा था.
वहाँ से थोड़ी दूर पर ही सीआरपीएफ़ के कुछ जवान मौजदू थे. इस दौरान वहाँ पहले से लगाए गए प्रेशर बम में धमाका हो गया. इसकी चपेट में आकर आठ जवान घायल हो गए.
इस धमाके में घायल हुए जवानों को बीजापुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस का कहना है कि नक्सलियों ने यह धमाका सीआरपीएफ़ के जवानों के हथियार लूटने के लिए किया है.
इस बीच मंगलवार शाम नक्सली हमले में मारे गए सीआरपीएफ के जवानों के शव रायपुर लाए जा रहे हैं. इन शवों का पोस्टमार्टम रायपुर में ही किया जाएगा.































