'भारत बंद' का कई राज्यों में असर

बढ़ती महंगाई के विरोध में वामपंथी दलों के नेतृत्व में 13 ग़ैर कांग्रेस - ग़ैर भाजपा दलों ने भारत बंद का आह्वान किया है.
इस बंद का पश्चिम बंगाल, केरल, उत्तर प्रदेश और बिहार सहित कई राज्यों में इसका असर दिख रहा है.
वामपंथी गठबंधन शासित पश्चिम बंगाल और केरल राज्यों में इस बंद का व्यापक असर दिख रहा है. वहाँ सड़क यातायात के साथ ही वायु सेवा भी प्रभावित हुई है.
पश्चिम बंगाल और केरल के लिए बहुत सी घरेलू उड़ानें रद्द कर दी गई हैं. जबकि दोनों ही राज्यों में छोटी और लंबी दूरी की कई ट्रेनें बंद की वजह से प्रभावित हुई हैं.
उत्तर प्रदेश में इलाहाबाद और ग़ाज़ियाबाद में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ट्रेनें रोकी हैं. जबकि लखनऊ में समाजवादी पार्टी के नेताओं ने गिरफ़्तारी दी है.
उधर पटना से बीबीसी संवाददाता मणिकांत ठाकुर के मुताबिक बंद का असर बिहार में भी देखा गया जहाँ इसका जनजीवन पर ख़ासा असर पड़ा.
रेल, सड़क-यातायात, स्कूल, कॉलेज, व्यावसायिक प्रतिष्ठान सभी बंद से प्रभावित रहे.
बंद समर्थक बड़ी तादाद में सड़कों पर उतरे और केंद्र सरकार और राज्य सरकार के खिलाफ़ नारे लगाए.
राज्य के दो दर्जन से अधिक स्थानों पर रेलगाड़ियाँ रोकी गयीं और कई जगहों पर राष्ट्रीय राजमार्ग समेत अन्य प्रमुख सडकों को अवरुद्ध कर दिया गया.
बसों और ट्रकों की लम्बी कतारें जहाँ-तहाँ सडकों पर लगी रहीं.
राष्ट्रीय जनता दल, लोक जनशक्ति पार्टी, भाकपा, माकपा और भाकपा-माले के नेता और कार्यकर्ता बंद-आयोजन में ज़्यादा सक्रिय दिखे.
इनका आरोप है कि एक तरफ केंद्र में कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार ने महंगाई को बेकाबू होने दिया है, तो दूसरी तरफ बिहार की नीतीश सरकार ने जमाखोरों और कालाबाजारियों को कथित तौर पर खुली छूट देकर महंगाई रुपी आग में घी डालने का काम किया है.

इससे पहले भारतीय जनता पार्टी ने 21 अप्रैल को दिल्ली में महंगाई के ख़िलाफ़ एक रैली का आयोजन किया था जिसमें देश भर से हज़ारों लोगों ने हिस्सा लिया था.
लेकिन मंगलवार को आयोजित बंद में भाजपा शामिल नहीं है.
देश में इस समय खाद्य पदार्थों की महंगाई की दर 17 प्रतिशत से अधिक है.
वामपंथी दलों की अनुवाई में 12 घंटों के भारत का बंद का आह्वान किया गया है.
इसमें लोकजनशक्ति पार्टी, इंडियन नेशनल लोकदल, समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल, बीजू जनता दल, एआईडीएमके सहित 13 दल शामिल हैं.































