भाजपा में 40 फ़ीसदी सांसदों के टिकट कटने के संकेत: प्रेस रिव्यू

मोदी
प्रकाशित

आम चुनाव की घोषणा होने के साथ ही भाजपा ने उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया तेज़ कर दी है. इस बार पार्टी बड़ी संख्या में मौजूदा सांसदों के टिकट काटने जा रही है.

अमर उजाला में प्रकाशित समाचार के अनुसार पार्टी के एक वरिष्ठ नेता का दावा है कि लगभग 40 प्रतिशत सीटों पर नए चेहरे उतारे जाने की संभावना है.

ख़बर के मुताबिक़ यह फ़ैसला अगले दो-तीन दिनों में होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में लिया जाएगा. पहले चरण में 11 अप्रैल को होने वाले चुनाव के लिए 91 उम्मीदवारों के नामों की सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा.

पार्टी हर उम्मीदवार को चुनाव प्रचार के लिए कम से कम एक महीने का समय देना चाहती है.

हत्या
इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

बेटी ने प्रेमी के साथ मिलकर मां-बाप का किया क़त्ल

देश की राजधानी दिल्ली के पश्चिम विहार इलाक़े में दोहरे मर्डर का मामला सामने आया है.

नवभारत टाइम्स में प्रकाशित समाचार के अनुसार एक युवती ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने मां-बाप की हत्या कर दी.

ख़बर के अनुसार युवती और उसके प्रेमी ने लाश को सुनियोजित तरीक़े से सूटकेस में पैक करके बहते हुए नाले में फेंक दिया.

ड्रेन में सूटकेस के फंस जाने से इस दोहरे हत्याकांड की साजिश से पर्दा उठ गया. पुलिस ने बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है.

ख़बर में बताया गया है कि लड़की ने पुलिस के सामने क़बूल किया है कि मां-बाप की लाखों की प्रॉपर्टी पाने के लिए उनकी हत्या की थी. पुलिस इस मामले में अभी कुछ अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है.

सेना भर्ती में ग्रेनेड लेकर पहुंचा युवक

जम्मू-कश्मीर के पुंछ ज़िले में चल रही सेना की भर्ती में एक युवक ग्रेनेड लेकर पहुंच गया.

अमर उजाला में प्रकाशित समाचार के अनुसार पुंछ के सूरनकोट तहसील मुख्यालय में सोमवार को सेना की तरफ़ से आयोजित टेरीटोरियल आर्मी (टीए) की भर्ती रैली के दौरान जवानों ने एक युवक को ग्रेनेड के साथ पकड़ा.

वीडियो कैप्शन, ग्रेनेड में खिलता अमन

उस युवक को सूरनकोट पुलिस के हवाले कर दिया गया है. ख़बर के मुताबिक़ युवक की पहचान 33 वर्षीय राजिंदर सिंह के रूप में हुई है. जो राजौरी ज़िले के निवासी हैं.

युवक के पास से एक सी 90 हैंड ग्रेनेड, एक यूबीजीएल ग्रेनेड और एक डेटोनेटर बरामद किया गया है.

बिहार पुलिस कस्टडी में दो मौत, जांच के आदेश

बिहार के सीतामढ़ी में दो लोगों की पुलिस कस्टडी में मौत का मामला सामने आया है. इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित समाचार के अनुसार यह मौत 7 मार्च को हुई थी, इस मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं.

ख़बर के अनुसार दो लोगों को चोरी और हत्या के आरोप में हिरासत में लिया गया था. वहां उन्हें इस हद तक प्रताड़ित किया गया कि उनकी मौत हो गई.

कथित तौर पर मृतकों के शरीर पर कील ठोकने के निशान थे, उससे जुड़े कुछ फ़ोटो और वीडियो नष्ट कर दिए गए हैं. इस मामले में पांच पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)