पांच बड़ी ख़बरें- 2019 में सरकार बनने पर घुसपैठियों के ख़िलाफ़ राष्ट्रव्यापी अभियान चलाएंगे: अमित शाह

इमेज स्रोत, Getty Images
बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने सोमवार को मध्य प्रदेश में बीजेपी के कार्यकर्ताओं को वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के ज़रिए संबोधित करते हुए कहा कि 2018 का विधानसभा चुनाव, कोई आम चुनाव नहीं है.
अमित शाह ने कहा कि 2018 के चुनाव के बाद 2019 का आम चुनाव है और अगर बीजेपी केंद्र में फिर सरकार बनाती है तो घुसपैठियों की पहचान कर देश से बाहर निकालने के लिए एक राष्ट्रव्यापी अभियान चलाया जाएगा.
उन्होंने असम के राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) की तर्ज़ पर पूरे देश में घुसपैठियों की पहचान करने की वकालत की.
उन्होंने कहा कि असम में एनआरसी के ज़रिए 40 लाख घुसपैठियों की पहचान की गई है. साथ ही कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस घुसपैठियों और नक्सलियों का पक्ष लेती है.

इमेज स्रोत, Getty Images
'एम.जे. अकबर बेहद सज्जन व्यक्ति'
पूर्व केंद्रीय मंत्री एम.जे. अकबर के ख़िलाफ़ यौन शोषण के आरोपों के बाद एक मामले की सुनवाई में सोमवार को 'द संडे गार्डियन' की संपादक जोयिता बसु ने अपनी गवाही दर्ज कराई.
अकबर की सहयोगी रहीं बसु ने कहा है कि वह शानदार पत्रकार और बहुत सज्जन व्यक्ति हैं.
पत्रकार प्रिया रमानी द्वारा यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए जाने के बाद अकबर ने उन पर मानहानि का मामला किया हुआ है. दिल्ली के पटियाल हाउस कोर्ट में इसी मामले की सुनवाई के दौरान बसु ने अपना बयान दर्ज कराया है.
एम.जे. अकबर जिस 'द एशियन एज' अख़बार के संपादक थे बसु ने उसी में 1998 से लेकर 2008 तक विभिन्न पदों पर काम किया है.
अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट समर विशाल से बसु ने कहा कि रमानी ने जान-बूझकर अकबर की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के लिए सभी ट्वीट किए.

इमेज स्रोत, Getty Images
सबरीमला पर फिर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई
10 से 50 वर्ष की महिलाओं को सबरीमला मंदिर में प्रवेश देने के अपने फ़ैसले पर सुप्रीम कोर्ट मंगलवार को पुनर्विचार कर सकता है.
सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई की अध्यक्षता वाली पांच सदस्यीय पीठ इस मामले पर दोपहर के बाद सुनवाई कर सकती है.
सबरीमला मंदिर में महिलाओं को प्रवेश देने को लेकर अलग-अलग संगठनों ने 40 से अधिक पुनर्विचार याचिकाएं दाख़िल की हुई हैं.
28 अक्टूबर के सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले के बाद कई हिंदू संगठनों और श्रद्धालुओं ने विरोध प्रदर्शन किए थे.

इमेज स्रोत, Getty Images
केंद्र ने रफ़ाल की कीमत बताई
केंद्र सरकार ने सोमवार को फ़्रांस की दासो एविएशन से 36 लड़ाकू रफ़ाल विमान ख़रीद के सौदों की जानकारी सुप्रीम कोर्ट को दे दी.
केंद्र सरकार ने ये जानकारी सील बंद लिफ़ाफ़े में दी है.
हालांकि, यह अभी साफ़ नहीं है कि केंद्र सरकार ने जो लागत सुप्रीम कोर्ट को बताई है, वह बिना हथियारों वाले विमान की है या फिर सभी सैन्य हथियारों से सुसज्जित विमान की है.

इमेज स्रोत, AFP
कनाडा को मिली खाशोज्जी से जुड़ी रिकॉर्डिंग
कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने एक बयान जारी कर कहा है कि उनके देश के ख़ुफ़िया विभाग के अधिकारियों ने उन रिकॉर्डिंग्स को सुन लिया है, जो तुर्की ने उन्हें सौंपी थीं.
ये रिकॉर्डिंग्स पत्रकार जमाल ख़ाशोज्जी की हत्या से जुड़ी हुई हैं. वहीं, फ्रांस के विदेश मंत्री ज्यां वेस लि द्रायन ने ऐसी कोई भी रिकॉर्डिंग मिलने से इनकार किया है जबकि तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन ने दावा किया था कि उन्होंने जमाल ख़ाशोज्जी की हत्या से जुड़ी रिकॉर्डिंग्स अमरीका, फ्रांस, जर्मनी और ब्रिटेन को मुहैया कराई हैं.
फ्रांस के विदेश मंत्री ने आर्दोआन पर ख़ाशोज्जी की मौत पर राजनीतिक खेल खेलने का आरोप भी लगाया है.
ये भी पढ़ें:
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)























