प्रेस रिव्यू: धार्मिक उग्रवादी संगठन बताने पर अमरीकी एजेंसी सीआईए से नाराज़ विश्व हिंदू परिषद

इमेज स्रोत, AFP
नवभारत टाइम्स अख़बार की एक ख़बर के मुताबिक़, विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) और बजरंग दल ने उन्हें 'धार्मिक उग्रवादी संगठन' बताने वाली अमरीकी ख़ुफ़िया एजेंसी सीआईए की रिपोर्ट को ख़ारिज किया है.
विश्व हिंदू परिषद ने सीआईए के ख़िलाफ़ आंदोलन छेड़ने की भी चेतावनी दी है.
सीआईए ने दोनों हिंदू संगठनों के अलावा आरएसएस, हुर्रियत कॉन्फ्रेंस और जमात उलेमा-ए-हिंद को भी राजनीतिक दबाव बनाने वाले समूहों की सूची में रखा है.
विहिप के महासचिव सुरेंद्र जैन ने अख़बार से कहा है कि सीआईए जैसों ने ही ओसामा बिन लादेन को पैदा किया था. उसे हमें लेक्चर नहीं देना चाहिए. सीआईए का कश्मीर का नक्शा भारत विरोधी मानसिकता दिखाता है. हम इसके ख़िलाफ़ आंदोलन करेंगे.


इमेज स्रोत, Getty Images
स्कूल में शराब पीकर आते हैं शिक्षक: बीजेपी सांसद
द स्टेट्समेन अख़बार ने गुजरात के भाजपा सांसद के बयान को पहले पन्ने पर जगह दी है.
ख़बर के मुताबिक़, भरूच से सांसद मनसुखभाई वसावा ने कहा है कि शिक्षकों में शराब और जुए की लत के कारण सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर गिर रहा है. वह नर्मदा ज़िले के ववड़ी गाँव में एक वार्षिक स्कूल नामांकन कार्यक्रम में बोल रहे थे.
उन्होंने ये बयान देदियापाड़ा के पास जुए का अड्डा चला रहे एक शख़्स के संदर्भ में कही थी.
वसावा ने कहा कि जुए का अड्डा चलाने वाले शख़्स का कहना है कि उसके पास स्कूल से क़रीब 60 से 70 शिक्षक आते हैं.
उन्होंने कहा कि शिक्षक स्कूल में शराब पीकर आते हैं, जुआ खेलते हैं. वो किस तरह के मूल्य सिखाएंगे? मनसुखभाई वसावा मोदी सरकार में जनजातीय मामलों के मंत्री हैं.
शेल कंपनियों के लिए ख़तरे की घंटी
टाइम्स ऑफ़ इंडिया अख़बार के पहले पन्ने पर ख़बर है कि शेल कंपनियों के लिए बड़ी मुसीबत खड़ी हो सकती है.
भारत सरकार दो साल तक ज़ीरो टर्नओवर वाली भारत की 25 से 30 प्रतिशत कंपनियों के पंजीकरण रद्द कर सकती है.
कॉर्पोरेट कार्य मंत्रालय कंपनी अधिनियम की धारा-248 के प्रवाधानों के इस्तेमाल पर विचार कर रही है.
इसके तहत निष्क्रिय कंपनियों को 30 दिनों के अंदर जवाब देने के लिए नोटिस भेजा जाएगा.

इमेज स्रोत, Getty Images
कोर्ट के भीतर पत्नी की हत्या
हिंदुस्तान टाइम्स अख़बार में छपी एक ख़बर के मुताबिक़, असम के डिब्रूगढ़ में अदालत परिसर के अंदर एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी.
पत्नी ने पति पर अपनी बेटी के साथ रेप का केस दर्ज कराया था. पुलिस ने बताया कि अभियुक्त पति को हिरासत में ले लिया गया है.
वहीं, अभियुक्त नाहर डेका ने कहा कि वो बेगुनाह हैं और उन्होंने अपनी पत्नी को इसलिए मार दिया क्योंकि उसने झूठा मामला दायर किया था.
डेका ने कहा कि उनकी पत्नी ने ज़मानत पर रिहा होने के बाद भी उन्हें घर नहीं आने दिया था, इसलिए उन्होंने अपनी पत्नी की हत्या कर दी.
प्रमोशन में आरक्षण लागू हो
हिंदुस्तान अख़बार की एक अन्य ख़बर के अनुसार सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मद्देनजर केंद्र सरकार ने अपने सभी विभागों और राज्य सरकारों को एससी-एसटी के लिए प्रमोशन में आरक्षण लागू करने के निर्देश जारी किए हैं.
सरकार ने मंत्रालयों, विभागों को कहा है कि सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसलों के अनुरूप पदोन्नति की अुनमति मंत्रालयों व विभागों को दे दी है.
राज्य सरकारों को सलाह दी गई है कि वे सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के मद्देनज़र विभागों में लंबित प्रमोशन के लिए क़दम उठाएं.
चौथे दिन भी प्रदूषण की स्थिति वही
अमर उजाला अख़बार ने दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण की ख़बर को प्रमुखता से लिया है.
अख़बार में लिखा है कि दिल्ली-एनसीआर के अलावा उत्तराखंड, हिमाचल, पंजाब और हरियाणा लगातार चौथे दिन ख़राब स्तर पर रही.
हवा में धूल बनी हुई है. लेकिन गनीमत है कि धूल की परत पहले से कुछ हल्की हुई है. शुक्रवार को दिल्ली में औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 447 यानी गहरे लाल रंग की श्रेणी में दर्ज हुआ.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)























