योगी और मौर्य के क्षेत्र में क्यों फीका रहा मतदान?

इमेज स्रोत, Getty Images
उत्तर प्रदेश में लोकसभा की दोनों सीटों पर हुए उपचुनाव में मतदाताओं ने ख़ास उत्साह नहीं दिखाया. प्रदेश चुनाव कार्यालय के मुताबिक, 'गोरखपुर में जहां सिर्फ 43 फ़ीसदी मतदान हुआ, वहीं फूलपुर में यह महज़ 37.39 फ़ीसदी पर सिमट गया.'
योगी आदित्यनाथ और केशव प्रसाद मौर्य के उत्तर प्रदेश सरकार में जाने से ये दोनों लोकसभा सीटें खाली हुई थीं.
दोनों ही जगहों पर शहरी इलाक़ों में मतदान प्रतिशत ग्रामीण इलाक़ों के मुक़ाबले काफ़ी कम रहा. फूलपुर में इलाहाबाद शहर (उत्तरी क्षेत्र) मध्यमवर्गीय और पढ़े-लिखे मतदाताओं के लिए जाना जाता है, लेकिन यहां मतदान प्रतिशत सबसे कम सिर्फ 21 फ़ीसदी रहा.
कई मतदान केंद्रों पर दिन भर सन्नाटा छाया रहा. मीडियाकर्मियों और फ़ोटोग्राफरों ने मतदान के लिए लंबी कतारों की तलाश में शहर से लेकर गांव तक छान मारे, लेकिन कतार जैसी चीज़ कहीं दिखी नहीं.

इमेज स्रोत, Getty Images
मशीनों में ख़राबी की शिकायत
वहीं बिहार की अररिया लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में मतदान प्रतिशत 57 फ़ीसदी रहा. समाचार एजेंसी पीटीआई ने प्रदेश के प्रमुख चुनाव अधिकारी अजय वी नायक के हवाले से यह जानकारी दी.
इसके अलावा बिहार की दो विधानसभा सीटों- भभुआ और जहानाबाद में मतदान प्रतिशत क्रमश: 54.03 और 50.06 फ़ीसदी रहा.
इस बीच फूलपुर में इलाहाबाद शहर (पश्चिमी) के एक मतदान केंद्र पर वोटिंग मशीन ख़राब होने से मतदान काफ़ी देर रुका रहा. ईवीएम मशीनों के ख़राब होने की ख़बर गोरखपुर से भी आई. हालांकि पीटीआई ने एक चुनाव अधिकारी के हवाले से लिखा कि ख़राब ईवीएम को तुरंत बदल दिया गया.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी गोरखपुर में मतदान किया. मतदान के बाद उन्होंने कहा, "लोग जानते हैं कि विकास ही समस्याओं का एकमात्र हल है."
गोरखपुर में भाजपा के उपेंद्र दत्त शुक्ला, सपा-निषाद पार्टी के साझे उम्मीदवार प्रवीण निषाद और कांग्रेस की सुरहिता करीम चटर्जी के बीच मुक़ाबला है.
जबकि फूलपुर में भाजपा के कौशलेंद्र सिंह पटेल, सपा के नागेंद्र प्रताप सिंह पटेल, निर्दलीय अतीक अहमद और कांग्रेस के मनीष मिश्रा के बीच मुक़ाबला है.

इमेज स्रोत, MANISH SHANDILYA
बिहार में भी महागठबंधन से जेडीयू के अलग होने और भाजपा खेमे में लौटने के बाद यह पहला चुनावी मुक़ाबला है. राजद सांसद मोहम्मद तस्लीमुद्दीन के देहांत के बाद अररिया सीट खाली हुई थी. यहां मुख्य मुक़ाबला तस्लीमुद्दीन के बेटे राजद के सरफ़राज़ आलम और भाजपा के प्रदीप सिंह के बीच है. प्रदीप सिंह 2009 में यहां से सांसद रहे हैं और 2014 चुनाव में दूसरे नंबर पर थे.
इन उपचुनावों में वोटों की गिनती 14 मार्च को होगी.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)























