राष्ट्रपति दफ्तर ने कोविंद की जगह छापा प्रणब का नाम

इमेज स्रोत, Getty Images
प्रेसिडेंड ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर जारी विज्ञप्ति में प्रणब मुखर्जी को मौजूदा राष्ट्रपति बताने की चर्चा सोशल मीडिया पर है.
दरअसल, वेबसाइट पर हिमाचल प्रदेश में हुए भूस्खलन में मरने वालों के प्रति संवेदना जताते हुए राष्ट्रपति कार्यालय ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की, जिसमें राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की जगह पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का नाम छप गया था.
हालांकि बाद में वेबसाइट ने इस गलती को सुधार लिया.
इसी साल 25 जुलाई को रामनाथ कोविंद भारत के 14वें राष्ट्रपति बने हैं. उनसे पहले प्रणब मुखर्जी देश के राष्ट्रपति थे.

इमेज स्रोत, Getty Images
राष्ट्रपति का शोक संदेश
इस घटना पर हिमाचल के राज्यपाल आचार्य देवव्रत के नाम अपने संदेश में राष्ट्रपति कोविंद ने कहा, "मैं हिमाचल प्रदेश में हुए भीषण भूस्खलन में कई बस यात्रियों की मौत और कई अन्य लोगों के घायल होने की घटना से आहत हूं."
उन्होंने आगे कहा, "मेरी चिंता और प्रार्थना इस भूस्खलन से प्रभावित लोगों के साथ हैं. मुझे यकीन है कि शोक संतप्त परिवारों और घायलों की चिकित्सा में हर संभव मदद के लिए राज्य सरकार और अन्य एजेंसियां आवश्यक कदम उठा रही हैं. मैं घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं."

वेबसाइट ने स्वीकारी गलती
हालांकि वेबसाइट ने इस गलती को 20 मिनट बाद सुधारा और शुरुआत में दी गई प्रेस विज्ञप्ति को इसके नीचे दिया भी है, जिसमें प्रणब मुखर्जी का नाम साफ दिख रहा है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)























