
अर्जुन रामपाल 1973 की सुपरहिट फिल्म जंजीर के रीमेक का हिस्सा अब नहीं होंगे.
पहले वो इस फिल्म में शेरखान का किरदार निभाने वाले थे, जिसे ओरिजनल जंजीर में प्रख्यात कलाकार प्राण ने निभाया था. लेकिन अब अर्जुन ने ये फिल्म छोड़ दी है.
बीबीसी से खबर की पुष्टि करते हुए फिल्म के निर्माता अमित मेहरा ने कहा, "इस फिल्म को करने को लेकर अर्जुन बहुत उत्साहित थे, लेकिन दुर्भाग्यवश उनकी और हमारे हीरो रामचरन तेजा की डेट्स में तालमेल ना बैठ पाने की वजह से अर्जुन को ये फिल्म छोड़नी पड़ी."
खबरें ये भी उड़ीं कि अब संजय दत्त ये रोल करेंगे. लेकिन अमित मेहरा ने साफ तौर पर इस बात का खंडन किया है.
"इस फिल्म को करने को लेकर अर्जुन बहुत उत्साहित थे, लेकिन दुर्भाग्यवश उनकी और हमारे हीरो रामचरन तेजा की डेट्स में तालमेल ना बैठ पाने की वजह से अर्जुन को ये फिल्म छोड़नी पड़ी."
अमित मेहरा, निर्माता, जंजीर
उन्होंने कहा, "अभी हमने किसी से संपर्क नहीं किया है. बहुत जल्द सबको पता चल जाएगा कि कौन ये रोल करने वाला है."
1973 में रिलीज हुई जंजीर में अमिताभ बच्चन, प्राण, जया भादुरी और अजीत ने मुख्य भूमिका निभाई थी. इसके निर्देशक प्रकाश मेहरा थे.
फिल्म सुपरहिट साबित हुई थी और इसी फिल्म ने अमिताभ बच्चन को 'एंग्री यंग मैन' का दर्जा दिलाया.
प्रकाश के बेटे अमित मेहरा अब इस यादगार फिल्म का रीमेक बना रहे हैं. इसमें तेलुगू फिल्मों के सुपरस्टार रामचरन तेजा और प्रियंका चोपड़ा मुख्य भूमिका निभा रहे हैं.
फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया कर रहे हैं.









